रविवार, 20 दिसंबर 2015

बैंक_बैंकर इतवारी बैंकिंग


बैंक_बैंकर इतवारी बैंकिंग 
-------------------------------------------------------
फरमान जारी हुआ था कि जिसने भी निश्चित संख्या में एपीवाई –अटल पेंशन योजना – नहीं खोला , वह रविवार को भी ब्रांच खोले ! कह नहीं सकता आज के दिन कौन कौन से ब्रांच खोले गए ! यह भी तय नहीं कि फरमान जारी करने वाले खुद भी गंभीर थे या नहीं !खैर !!
                         जन धन हो , जीवन ज्योति हो , एपीवाई हो – जब भी वित्त मंत्रालय का दबाव होता है संख्या बढ़ाने के लिए बैंकर पर दबाव बनाया जाने लगता है !गौर तलब है कि वित्तीय सेवाएँ /प्रोडक्ट ग्राहक तभी लेगा जब वह सहमत हो कि यह उसके हित मे हैं !एपीवाई को लीजिये ! ग्राहक इस के प्रति आश्वस्त नहीं है ! उन्हे लगता है पैसे बहुत दिन तक जमा करना पड़ेगा और उस अनुपात में कम मिल रहा है ! अमूमन लोग प्रायः इतनी लंबी प्लानिंग नहीं करती ! संगठित क्षेत्रों मे कम करने वालों को तो अनिवार्य रूप से एनपीएस लेना पड़ता है ! यदि यह अनिवार्यता न हो तो कई बैंकर भी एनपीएस न करवाए !एनपीएस  और एपीवाई एक ही जैसी योजनाएँ हैं ! सिर्फ  टार्गेट ग्रुप अलग है !
यह भी गौरतलब है कि बैंक मे दस साल तक के लिए मियादी जमा राशि ली जाती है , लेकिन अधिकांश सीडीआर/आरडी  एक साल से तीन साल तक के बनते हैं , दस साल वाले का प्रतिशत बहुत कम है ! यह उदाहरण इसलिए कि यह सामान्य प्रवृत्ति है कि लोग इतनी लंबी प्लानिंग नहीं करते !
ऐसे मे कहना ये है कि यदि ग्राहक मे स्वीकार्यत ही नहीं है तो बैंकर कैसे एपीवाई की गिनती बढ़ाए !? जब छह दिन ब्रांच में आए ग्राहकों को एपीवाई के लिए राजी नहीं कर पा रहे तो सिर्फ इतवार को ब्रांच खुलवाने से कोई सार्थक नतीजा नहीं निकलने वाला ! और ये जन धन , जीवन ज्योति  आदि योजनाओं के लिए भी सही है !
इतवार को ब्रांच खुलवाना या इसके लिए धमकी जारी करना  सिर्फ और सिर्फ “बेवकूफाना बॉसगिरी” है !

मंगलवार, 8 दिसंबर 2015

दिसंबर साल का बुढ़ापा है !

दिसंबर साल का बुढ़ापा है !
---------------------------------------------------------------
दिसंबर मुझे उदास करता है ! साल के आखिरी दिनों मे बार बार मन पीछे मूड मूड कर देखता है – क्या किया ! कैसे जिया ! क्या हो सकता था !? क्या नहीं हुआ !? क्या हो गया जो नहीं होना चाहिए था ! मन गहरे अवसाद मे डूब जाता है – शायद कुछ नहीं किया ! शायद जिया नहीं , बस गुजर गया – वक्त से , लोगों से बिना छूए !मुझे गुजरा हुआ साल हमेशा व्यर्थ नजर आता है !
मौसम भी इन दिनों मदद नहीं करता ! सर्दियाँ उतर आती हैं !खांसी और बुखार का हमला हो चुका होता है !धूप बस दिख जाती है , निकलती नहीं !कुहासा अवसाद को गहरा ही करता है !जिस्म पर गरम कपड़ों का बोझ जेहन पर भी महसूस होता है !बिना नहाए या कौआ स्नान से जिस्म के साथ चेतना भी गंदी लगने  लगती है !
शायद बुढ़ापे मे मौत को करीब पाकर इसी तरह की उदासी और पीड़ा से गुजरते होंगे जैसा मैं दिसंबर मे महसूस करता हूँ !मुझे लगता है – दिसंबर साल का बुढ़ापा है !

रविवार, 29 नवंबर 2015

क्रिकेट की खूबसूरती !

क्रिकेट की खूबसूरती !
बहुत से लोग ज़्यादातर जो 20-20 के दीवाने हैं , क्रिकेट की खूबसूरती सिर्फ रनों की बरसात मे मानते हैं , चौके छक्के मे मानते हैं !उन्हे गेंदबाजों और क्षेत्ररक्षकों की कदर ही नहीं !मेरी असहमति है !
क्रिकेट तब बेहद खूबसूरत लगता है
-जब तेज गेंदबाज 160 केएम की रफ्तार से गेंद फेंकता है और बल्लेबाज घुटने टेक देता है !
-जब मिडल स्टम्प उखड़ कर चकरघिन्नी बन जाता है !
- जब फॉरवर्ड शॉर्ट लेग पर फील्डर असंभव सा कैच पकड़ता है !
- जब स्पिनर गेंदबाजी कर रहा हो , बल्लेबाज को चारों ओर से फील्डर घेरे हुये हो  और बल्लेबाज स्पिनर की धुन पर नाच रहा हो !
- जब गेंद हवा मे होती है और सांस अटक जाती है - छक्का या कैच !?
आदि !
क्रिकेट सिर्फ बल्लेबाजों का खेल नहीं है , गेंदबाजों और फील्डरों का भी है ! वे भी हमारी प्रशंसा के हकदार हैं !ज्यादा नहीं तो कम भी नहीं !

मंगलवार, 24 नवंबर 2015

सवाल है कि क्या वे सहिष्णु हैं !?

सवाल है कि क्या वे सहिष्णु हैं !? 
--------------------------------------------------------------------------------
उन्होने  कहा - हम सहिष्णु हैं तुम्हें बोलने दे रहे हैं , वरना  तुम्हारा गला भी घोंट सकते थे !
उन्होने  कहा - हम सहिष्णु हैं , तुम्हारे मुंह पर सिर्फ  स्याही फेंकी है , वरना तेजाब भी फेंक सकते थे !
उन्होने कहा - हम सहिष्णु हैं, तुम्हें सिर्फ पीटा है , वरना हत्या भी कर सकते थे !
उन्होने कहा - हम सहिष्णु है , सिर्फ पाकिस्तान जाने के लिए कहा है , चाहते तो भेज भी सकते थे !
उन्होने कहा - हम सहिष्णु हैं , सिर्फ तुम्हारा पुतला जलाया है, वरना तुम्हें भी जला सकते थे !
उन्होने कहा-हम सहिष्णु है , सिर्फ बलात्कार की धमकी दी है , वरना बलात्कार  भी कर  सकते थे !
उन्होने कहा - हम सहिष्णु है , सिर्फ गाली दे रहे हैं , वरना गोली भी मार सकते थे !
सवाल है कि क्या वे सहिष्णु हैं !?
                                               द्वारा - श्रवण

शुक्रवार, 20 नवंबर 2015

जेम्स बॉन्ड

इस पर बड़ी हायतौबा मची है कि जेम्स बॉन्ड की "स्पेक्टर " मे किसिंग सीन पर सेंसर बोर्ड ने कैंची चला दी ! वैसे जेम्स बॉन्ड क्या , हॉलीवुड की लगभग हर फिल्म मे एक आध दृश्य ऐसे होते ही हैं !लेकिन  हम जेम्स बॉन्ड की फिल्मे इस दृश्यों केलिए नहीं देखते , यदि ऐसा होता तो सीधे पॉर्न न देखते ?!हम जेम्स बॉन्ड की फिल्मे देखते हैं लार्जर दैन लाइफ हीरो और विलेन के लिए , खौफनाक स्टंट के लिए , अंतर्राष्ट्रीय साजिश , सुदूर देशों के खूबसूरत लोकेशन , अजब गज़ब कारें, गैजेट्स और उनके चमत्कार , आदि आदि !बॉन्ड की फिल्मे बिना हीरोइन के बनेगी तो भी लोग देखेंगे ! कम से कम मैं जरूर देखुंगा !वैसे इन  फिल्मों मे महिला पात्र भी काफी मजबूत और महत्वपूर्ण होते हैं !लेकिन हेलिकॉप्टर , टैंक उड़ाता जेम्स बॉन्ड , मार मार के भुरकस निकाल देने वाला जेम्स बॉन्ड, हर मुश्किल , साजिश से जूझता, बचता जेम्स बॉन्ड , जानलेवा हालातों से आँख मिचौली खेलता जेम्स बॉन्ड आदि हिरोइन के साथ सेक्स करते जेम्स बॉन्ड से ज्यादा दिलचस्प लगता है !
#जेम्स_बॉन्ड

गुरुवार, 19 नवंबर 2015

स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता की असंभाव्यता

स्वतंत्रता और आत्मनिर्भरता की असंभाव्यता
------------------------------------------------------------------------------------
स्वतंत्र और आत्मनिर्भर होने की चाह ईश्वर और मोक्ष की कामना की तरह असंभव और अप्राप्य है !हमारा जन्म ही दूसरों के माध्यम से होता है ! उन्हे रक्त सम्बन्धों के आधार पर भले ही अपना कहें , होते हैं वे भी दूसरे !हम जो खाते हैं वह खुद नहीं उपजाते !जो पहनते हैं वे दूसरे तैयार करते हैं !हमारे अस्तित्व के लिए जरूरी लगभग सभी चीजों के लिए हम दूसरों पर निर्भर होते हैं !मरते भले ही अकेले हों , यह ख़्वाहिश तो बनी रहती है कि मरते समय हम अकेले न हो !
 एक आत्मनिर्भर और स्वतंत्र जीवन की अपेक्षा रखने की इच्छा रखने वाले व्यक्ति का सबसे बड़ा दुख इस सच्चाई का एहसास है कि वह कभी भी पूर्ण रुपेन स्वतंत्र और आत्म निर्भर नहीं हो सकता !
बुखार मे उपजा ख्याल !

सोमवार, 16 नवंबर 2015

मेहरबानी होगी जो कुछ न पुछो !

 कुछ मत पुछो !
------------------------------------------------------------------------------
- आपका घर कहाँ है !? आपका होम टाउन कहाँ है !?
-घर मे कौन कौन है !?
- आप छुट्टी मे घर नहीं गए !?
- आप दिवाली नहीं मनाते !?
-आपकी शादी हो गई !?
- शादी क्यों नहीं हुई !?
-आप स्मार्ट फोन क्यों  नहीं रखते हैं !?
-आप शौल क्यों ओढ़ते हैं ?
आदि आदि !
ऑफिस हो या रिहाइश का कमरा , पड़ोसी हो या सहकर्मी तरह तरह के सवाल ! हालांकि मानता हूँ  कि ये लोग सवाल बहुत सहजता से करते हैं , कोई अन्य मतलब नहीं होता , सच पूछिए तो इन्हे जवाब जानने की भी इच्छा नहीं होती , बस यूं ही बात कहने के लिए कुछ पूछ लेते हैं ! अमूमन टाल देता हूँ !चुप रहकर , घूर कर ! जाने दीजिये, कोई और बात कीजिये , आदि  कहकर !असहिष्णु, असामाजिक , घमंडी आदि का तमगा मुफ्त मे मिल जाता है ! खैर !इसे मैं  हर किसी के सवाल का जवाब देने , सफाइयां  देते रहने से बेहतर मानता हूँ !लेकिन कई बार बर्दाश्त से बात बाहर होने लगती है और तबीयत से गरियाने की इच्छा को बमुश्किल दबा पता हूँ !क्या पता किसी दिन सब्र छलक जाये !और सुना ही दूँ किसी को !
-आपका घर कहाँ है ?
-दस गज जमीन के नीचे !
-आप छुट्टी में  घर नहीं गए !
- न ! मसान मे शव साधना करनी थी इसलिए  नहीं गया !
-आप दिवाली नहीं मनाते !
- न ! मैं तमराज किलविष का भक्त हूँ , इसलिए नहीं मनाया !
-आपकी शादी हो गई !?
-रिश्ता लेकर आए हैं क्या !?
-शादी क्यों नहीं हुई !?
-अब ससुरों ने दहेज बचाने के लिए बेटियाँ ही पैदा न की तो मैं क्या करूँ !?
-आप स्मार्ट फोन क्यों नहीं रखते !?
- मैं भुच्च गँवार ! स्मार्ट हूँ नहीं तो स्मार्ट फोन  कैसे रखूँगा !
-आप शौल क्यों ओढ़ते हैं !
- कमीज फट गई है !ढंकने के लिए ! रफू के पैसे नहीं हैं !
आदि आदि !
शराफत और शालीनता  का भार कभी कभी असहनीय हो जाता है !
मेहरबानी होगी जो  कुछ न पुछो !